रविवार शाम को अंधड़ से कार्की फार्म में एक मकान पर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी छत क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, छीनीगोठ में तीन, मल्ली और तल्ली छीनी में एक और तल्ली छीनी में एक-एक मकानों और गौशालाओं की छतें उड़ गईं।
टनकपुर के वार्ड संख्या तीन आईटीआई के पास पाखड़ का पेड़ गिर गया, वार्ड संख्या दो संयुक्त चिकित्सालय के पास पीडब्लूडी गेस्ट हाऊस के अंदर पेड़ गिरने से लोनिवि की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। रोडवेज कार्यालय के छत पर टहनी गिरने से छत एवं दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, धारी, पहाड़पानी, ज्योलीकोट, गरमपानी में रविवार दोपहर बाद बारिश हुई। इससे लोगों, सैलानियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। असिंचित क्षेत्रों में फसलों को भी लाभ पहुंचा है। उधर, रविवार को खटीमा का पारा 40 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
हल्द्वानी में उमस और गर्मी ने पूरे दिन बेहाल किया। दोपहर में 15 मिनट की राहत के बाद खिली धूप ने उमस और बढ़ा दी। रविवार को हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 38.0 और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा।