रुड़की में ड्राई डे पर अवैध रूप से शराब बेचने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने बड़ी संख्या में शराब के पव्वे और बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया। पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया कि हर ड्राई डे पर वे लोगों को अवैध रूप से शराब बेचते थे।
26 जनवरी को शराब बंदी को लेकर पुलिस सतर्क थी। पुलिस को सूचना मिली कि रविवार को नगर निगम पुल के पास तीन युवक अवैध रूप से होटल में शराब बेच रहे हैं। तत्काल एसआई अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और होटलों की चेकिंग की।
इसी बीच पुलिस ने तीन युवकों को अवैध रूप से शराब बेचते रंगेहाथ पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि शराब के साथ अजय सोनकर निवासी पूर्वी अंबर तालाब, अब्दुल्ला निवासी बंदा रोड माहिग्रान और मोहम्मद साजिद निवासी रतिराम वाली गली, भारतनगर, रुड़की को गिरफ्तार किया है।
तीनों के पास से एक पेटी अंग्रेजी व देशी शराब के पव्वे और एक अंग्रेजी शराब की पेटी बरामद की है। तीनों का चालान कर दिया है। पुलिस टीम में एसआई अंकुर शर्मा समेत रामवीर, विजय यादव, राजे सिंह और लईक अहमद शामिल रहे।