देहरादून। घंगोड़ा स्थित गोरखा राइफल के स्टोर से चोरी करते हुए तीन महिलाओं को दबोच लिया गया है। इन महिलाओं को पुलिस को सौंपकर फर्नीचर आदि चुराने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने इन महिलाओं का चालान कर दिया।
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे के मुताबिक घंगोड़ा स्थित छावनी क्षेत्र में गोरखा राइफल के स्टोर से शुक्रवार को कुर्सी, स्टूल, टेबल आदि सामान चोरी हो गया था। इस दौरान सुरक्षाकर्मियाें ने तीन महिलाओं को चोरी के सामान के साथ पकड़ था। महिलाओं के पास से स्टूल, टेबल, बेंच, तीन कुर्सी, मच्छरदानी का सेट, अलमारी का लोहे का दरवाजा आदि बरामद हुआ था। हवलदार पी श्रीप्रसाद थापा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी रीता, गीता और ललिता का चालान कर दिया गया है। रीता और ललिता के खिलाफ पहले भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। उधर, रायपुर सहस्त्रधारा रोड निवासी कल्पना तिवारी ने गेट के अंदर खड़ी स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के सहारे छानबीन कर रही है।