ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में चोरी की चार घटनाओं को दिया अंजाम
एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू सहित चोरी की ज्वेलरी और नकदी बरामद
कोतवाली क्षेत्र में चोरी की चार अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके पास से चोरी की ज्वेलरी, नकदी, एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए गए हैं। आरोपी हलवाई व रंगाई-पुताई का काम करते हुए बंद घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में चोरी सहित अन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार बीते 20 अक्तूबर को आदेश कुमार पुत्र श्रीमान सिंह निवासी गली नंबर तीन बी, मीरानगर, ऋषिकेश ने तहरीर दर्ज कराई। जिसमें बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया है। बीते 10 नवंबर को सुधांशु थपलियाल पुत्र शांति प्रसाद थपलियाल निवासी गंगा विहार काॅलोनी, ऋषिकेश ने अज्ञात चोरों की ओर से घर का ताला तोड़कर चोरी करने के संबंध में तहरीर दर्ज कराई।
वहीं 16 नवंबर को अर्जुन मलिक पुत्र मदन लाल मलिक निवासी गली नंबर दो, सुमन विहार, बापूग्राम, ऋषिकेश ने अज्ञात चोरों की ओर से घर का ताला तोड़कर चोरी करने के संबंध में तहरीर दी। इसके अलावा 30 नवंबर को रविंद्र सिंह कैंतुरा पुत्र बलवीर सिंह कैंतुरा निवासी मीरा नगर, ऋषिकेश ने अज्ञात चोरों की ओर से उनके घर का ताला तोड़कर आभूषण आदि चोरी करने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिसमें उक्त घटनाओं में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अंतरराज्यीय नकबजनी गिरोह की संलिप्तता की जानकारी सामने आई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आईडीपीएल क्षेत्र से उक्त गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान सेनी कुमार उर्फ सन्नी, संजू संजय व विकास तीनों निवासी हस्तिनापुर, मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है।
आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो चाकू सहित अलग-अलग घटनाओं से संबंधित चोरी का सामान बरामद किया गया है। बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी मोहित कुमार निवासी बहादुरपुर खादर, कांठ छजलेट, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश फरार है।
वहीं गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियारों की बरामदगी होने पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य संगीन अपराधों के मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।