उत्तराखंड में शुक्रवार का दिन शुरु होने के बाद हादसों की खबर लेकर आया। जहां जौनसार में एक हादसे में दो की मौत हो गई तो वहीं यमुनोत्री हाईवे पर एक की मौत हुई है। बदरीनाथ हाईवे पर हुए हादसे में दो लोग गंभीर घायल हो गए।
शुक्रवार को जौनसार बावर क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि, 11 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से सीएचसी विकासनगर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पहली दुर्घटना कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर सुबह छह बजे हुई। जहां विकासनगर से त्यूनी जा रहा पिकप वाहन(यूके-13 सीए-0074) अनियंत्रित होकर डूंगा खड्ड के पास गहरी खाई में जा गिरा। जिससे उसमें सवार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान चालक गुलाम साबी(57) पुत्र गुलाम शाबीर निवासी मुहल्ला कतार शहीद, मकान-205 मुरादाबाद और नूर अहमद (55) पुत्र रहमतुल्ला मकान-106 मुहल्ला गणेश बाजार नगर पालिका श्रीनगर गढ़वाल के रूप में हुई। तहसीलदार शक्ति प्रसाद उनियाल ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।