वहीं, नेपाल के दार्चुला जिले में दुहू गांवपालिका वार्ड संख्या दो निवासी कंचन लोथ्याल (16) टूटे लकड़ी के पुल से फिसलकर महाकाली में बह गई। डीएसपी नवराज अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।
मकान हुआ ध्वस्त, परिवार ने भागकर बचार्इ जान
पिथौरागढ़ जिले में बारिश का सितम लगातार जारी है। दरअसल, मुनस्यारी के निकटवर्ती जैती गांव निवासी चंद्र सिंह पांगती के परिवार के चार सदस्य घर के अंदर ही कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मकान की छत से मिट्टी गिरने लगी।
जिसे देखते घर के सदस्यों ने बाहर को दौड़ लगा दी। कुछ ही पलों में छत भरभराकर गिर गई। घर के लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, घर में रखा सारा सामान मलबे में दब गया।
देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में छाई धूल और धुंध से सोमवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से राजस्थान-पंजाब की ओर से आने वाली हवा के रुख में बदलाव की संभावना है। इससे धूल और धुंध छंटने की उम्मीद है।
राजस्थान-पंजाब की ओर से चल रही धूल भरी हवा के चलते राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले चार दिनों से धूल और धुंध छाई हुई है। धूल-धुंध के कारण ठीक से धूप भी नहीं निकल रही है। इसी बीच हुई बारिश से बहुत ज्यादा राहत नहीं मिल पाई। रविवार सुबह भी हल्की बारिश हुई। उइसके बाद पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।
हालांकि शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के रुख बदलने की संभावना है। इससे लगातार आ रही धूल में कमी आएगी। शाम तक काफी हद तक धूल और धुंध के साफ होने की उम्मीद है। मौसम केंद्र प्रभारी बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।