शुक्रवार शाम तेज अंधड़ से लच्छीवाला और भानियावाला हाईवे पर एक पेड़ बस के अंदर जा घुसा। इसके बाद जो हुआ उसने वहां लोगों का मुसीबत आ गई।
पेड़ सड़क पर गिर जाने से हाईवे पर जाम लग गया। इस दौरान अंधड़ के कारण पेड़ गिरने से लच्छीवाला में जाम लगने से पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का काफिला काफी देर तक फंसा रहा।जबकि भानियावाला हाईवे पर एक पेड़ वहां से गुजर रही बस पर गिरने से यात्रियों की चोटें आई हैं।
शुक्रवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। क्षेत्र में अचानक तेज आंधी -तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। अंधड़ इतना तेज गति से आया कि भानियावाला हाईवे पर मसूरी की एक टूरिस्ट बस पर यूकेलिपटिस का पेड़ गिर गया, जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई जिससे उसमें सवार तीन यात्री चोटिल हो गए। लच्छीवाला में भी कई पेड़ हाईवे पर आ गिरे।
पेड़ों के गिरने से यहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की तारें भी टूटकर नीचे गिर गई और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे मौके पर जाम लग गया। जाम के कारण देहरादून जा रहे पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का काफिला कुछ देर के लिए फंस गया। बाद में पुलिस ने पेड़ों को हटाकर किसी तरह से जाम खुलवाया।
जौलीग्रांट में हाईवे स्थित दुर्गाचौक पर तेज अंधड़ के कारण बिजली का पोल आधा झुक गया। अंधड़ से सर्वाधिक क्षति बाग-बागीचों में तैयार आम और लीची की फसलों को हुआ है।
कान्हरवाला भानियावाला में किसान चंद्रप्रकाश गोयल के तमाम आम के पेड़ों से फसल नीचे आ गिरी। बारिश से बाजारों में सड़कें जलमग्न हो गई। देररात तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।