- तीनों घायल हायर सेंटर रेफर, मटक माजरी तिराहे के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मटक माजरी तिराहे के पास शनिवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। उप जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बाइक पर सवार एक बुजुर्ग व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार एक बाइक पांवटा से विकासनगर की ओर जा रही थी। मटक माजरी तिराहे के पास एक बाइक नहर पटरी की ओर आ रही थी। तिराहे के ठीक पास दोनों की जबरदस्त टक्कर हो गई। दुर्घटना में डाकपत्थर निवासी बहादुर सिंह बिष्ट, उनका 10 वर्षीय बेटा अभिनव सिंह बिष्ट और साहिया निवासी एक अन्य सवार शंकर सिंह रावत घायल हो गए। सभी को 108 इमरजेंसी एबुलेंस से उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। शंकर सिंह रावत के सिर, पैर, कमर में गंभीर चोटें आई हैं। बहादुर सिंह बिष्ट के पैर की हड्डी टूट गई है। अभिनव को भी काफी चोटें आई हैं। तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा ने बताया कि तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे। दोनों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।