घर में लगी आग में जिंदा जले तीन लोग
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल के बैतड़ी जिले में बुधवार रात एक घर में लगी आग से परिवार के तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। बैतड़ी प्रहरी ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बैतड़ी प्रहरी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पुरचूड़ी नगरपालिका वार्ड संख्या पांच के कुवाकोट का करे लुहार (45) परिवार के साथ बसपार्क में रहता था।
बुधवार रात उसकी पत्नी बिंद्र (40) ने चूल्हे में खाना बनाया। खाना खाकर रात दस बजे दंपति और उनका आठ वर्षीय बेटा मनोज सो गए। रात को चूल्हे में लगी आग भड़क गई और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग में तीनों की जलकर मौत हो गई। घर एकांत में होने के कारण काफी देर बाद लोगों और बैतड़ी प्रहरी को आग लगने की सूचना मिली।
बैतड़ी के डीएसपी नेत्रमणि गिरि ने बताया कि तीनों शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना की जांच अनुसंधान शाखा को दी गई है। करे लुहार का परिवार पिछले सात वर्षों से उक्त मकान में रहता था। करे लुहार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।