ड्यूटी से गायब होकर तीन सिपाही ढाबे पर मारपीट करते मिले। आरोप है कि उन्होंने ढाबा संचालक से अमर्यादित व्यवहार भी किया। मामला जब एसएसपी के संज्ञान में आया तो उन्होंने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इधर, प्रेमनगर थाने में ढाबा संचालक और सिपाहियों दोनों की ओर से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने सिपाहियों का मेडिकल भी कराया लेकिन शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई।
घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है। यहां एक बंगले पर कांस्टेबल धीरज कुमार, नितिन और सचिन कुमार की गारद ड्यूटी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पौंधा क्षेत्र में ये तीनों रात के समय एक ढाबे पर खाना खाने के लिए पहुंचे थे। ढाबा बंद होने का समय था। ढाबा संचालक ने उनसे यह बात कही तो तीनों उससे उलझने लगे। आरोप है कि तीनों ने ढाबा संचालक से मारपीट भी शुरू कर दी।
सार्वजनिक स्थान पर हुए हंगामे की सूचना एसएसपी योगेंद्र सिंह रावत तक पहुंची। बताया गया है कि हंगामे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पुलिस कर्मियों का मेडिकल भी करवाया जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। जबकि, ढाबा संचालक ने शराब पीकर मारपीट व गाली गलौच का आरोप लगाया था। इस मामले में एसएसपी ने तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। बीते चार दिनों में विभिन्न तरह की लापरवाही के मामलों में एसएसपी ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। इनसे पहले दो सिपाहियों और एक दरोगा को विवेचना संबंधित लापरवाही में निलंबित किया गया था।