उत्तराखंड की सीमा से सटे हिमाचल प्रदेश के रामपुर घाट में स्वाइन फ्लू का मामला प्रकाश में आने के बाद बर्ड फ्लू का खतरा भी मंडराने लगा है। हिमाचल प्रदेश के प्रशासन ने स्वाइन फ्लू से संक्रमित इलाके में बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनजर सूअरों के साथ ही पक्षियों के सैंपल भी इकट्ठा किए हैं। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।
ऐसे में विकासनगर क्षेत्र में भी बर्ड फ्लू की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल चकराता वन प्रभाग के डीएफओ ने ऐसा कोई भी मामला आने पर कर्मचारियों को तुरंत उन्हें सूचित करने के निर्देश दिए हैं।
हर साल सैकड़ों की संख्या में विदेशी परिंदों के साथ कई लोकल बर्ड भी आसन कंजरवेशन रिजर्व का रुख करती हैं। वर्तमान में भी यहां पर लोकल माइग्रेटी बर्ड ने डेरा डाला हुआ है। बीते दिनों हिमाचल प्रशासन के स्वाइन फ्लू से संक्रमित इलाके के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने वहां पर कई पक्षियों के मरने की भी बात कही थी।
जिसके बाद एहतियात के तौर पर वहां के जिला प्रशासन ने सूअरों के साथ ही पक्षियों के भी सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा है। हिमाचल प्रदेश का प्रभावित क्षेत्र आसन कंजरवेशन रिजर्व से सटा हुआ है।
क्षेत्र में फिलहाल ऐसा कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को कंजरवेशन रिजर्व के आसपास के क्षेत्र में निगराने रखने को कहा गया है। पशुपालन विभाग से भी सलाह ली जाएगी।
- दीप चंद आर्य, डीएफओ चकराता