प्रदेश के सभी मदरसों में उत्तराखंड बोर्ड का पाठ्यक्रम होगा लागू
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, प्रदेश के सभी मदरसों और अल्पसंख्यक विद्यालयों में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड की ओर से निर्धारित पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। राज्य के अल्पसंख्यक समुदायों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश में नया अल्पसंख्यक शिक्षा कानून लागू किया है। सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में पूरे देश को एक नई दिशा दिखाने का कार्य किया है।
सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून भी लागू किया
सीएम धामी ने कहा, सरकार ने सभी धर्मों की स्वायत्तता की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून भी लागू किया है। ताकि किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन या छल से होने वाले धर्मांतरण को रोका जा सके और सामाजिक सौहार्द बना रहे। सीएम ने कहा, कई देशों में अल्पसंख्यकों को उत्पीड़न और भेदभाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अल्पसंख्यकों से कहा कि सभी सोशल मीडिया के माध्यम से उन देशों में हो रहे अत्याचार और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाएं।
मुस्लिम महिलाओं ने जताया सीएम का आभार
समारोह में मुस्लिम महिलाओं ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने पर मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया। महिलाओं ने कहा, मुख्यमंत्री धामी एक भाई के रूप में प्रदेश और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए कार्य कर रहे हैं। सीएम ने सरकार की ओर से अल्पसंख्यकों के लिए चलाई गई योजनाओं के बारे में बताया।