-नकारात्मक विषयों का प्रतिकार कर, सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाएंगे कार्यकर्ता
-कहा, आरोप लगाकर भागना अब स्वीकार्य नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा, नए वर्ष में जनकल्याण और विकास के कामों को जन-जन तक पहुंचाएगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी नकारात्मक विषयों का प्रतिकार कर, राज्य में सकारात्मक राजनीति को आगे बढ़ाएगी। लेकिन अब ऐसा भी नहीं होगा कि झूठे आरोप लगाने वाले सबूत देने के बजाय गायब हो जाएं। उनके आधार पर आरोप लगाने वाले भ्रम एवं अफवाह फैलाते रहें।
उन्होंने वर्ष की शुरुआत में पार्टी की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रदेश विकसित होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। नकारात्मक मुद्दों से इसकी गति प्रभावित न हो, इसकी चिंता कार्यकर्ता करेंगे। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अच्छी तरह जनता है कि पीएम मोदी मार्गदर्शन और सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयामों को छू रहा है।
प्रदेश की जनता का आशीर्वाद, हमारे केंद्र एवं प्रदेश नेतृत्व को लगातार प्राप्त हो रहा है क्योंकि वे सभी बदलाव को प्रत्यक्ष महसूस कर रहे हैं। शहरों से गांवों तक सुगम होता सफर, आंगन-आंगन नल से पहुंचता जल, हर मकान के अंधेरे को बिजली से दूर भगाना, गरीबों के लिए फ्री अनाज की व्यवस्था, उस अनाज को पकाने के लिए उज्ज्वला और सीएम की मुफ्त सिलेंडर रिफिलिंग योजना, प्रत्येक परिवार के स्वास्थ्य की आयुष्मान से चिंता हरना, मातृ शक्ति को आरक्षण से सशक्त करना, आंदोलनकारियों को सम्मान, 26.5 हजार रोजगार से युवाओं का भविष्य निर्माण, लखपति दीदी बनाकर महिलाओं को आगे बढ़ाना, भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई और कड़ाई से बड़े बड़े अपराधियों को सबक, यूसीसी से सबको समान कानून का अधिकार, धर्म की आड़ में कब्जों से हजारों एकड़ भूमि को मुक्त करना, धर्मांतरण और दंगा करने की मंशा रखने वालों पर नकेल कसना।
भट्ट ने कहा कि विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर चेताया। कहा कि आरोप लगाकर भागने की साजिश अब नहीं चलने वाली। पूर्व में भी कई बार विपक्ष के नेताओं की ओर से देश में और राज्य में भी अनेक बेबुनियादी मुद्दों पर झूठ और भ्रम फैलाने का असफल प्रयास किया है।