I
I
I
Iसात सितंबर को शहरभर में पंडालों और घरों में विराजमान होंगे बप्पाI
गणेश उत्सव को लेकर राजधानी दून में तैयारी जोर-शोर से चल रही हैं। पंडालों में इस बार भगवान गणेश की मूर्ति में भगवान शिव और श्रीकृष्ण की झलक भी दिखाई देगी। मूर्तिकार भगवान गणेश की मूर्ति में श्रीकृष्ण और भगवान शिव का स्वरूप देने में जुटे हैं।
दून में सात सितंबर को गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। घरों और पंडालों में बप्पा उत्साह और भक्ति के साथ विराजमान होंगे। इसे लेकर अब कारीगरों ने भगवान गणेश की मूर्तियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कारीगरों ने बप्पा की मूर्ति को सुंदर और विभिन्न स्वरूप दिए हैं। शहर में विभिन्न जगहों पर बप्पा की मूर्ति तैयार की जा रही है। जीएमएस रोड पर राजस्थान के कारीगर बप्पा की मूर्ति को तैयार कर रहे हैं। यहां अलग-अलग स्वरूप में बप्पा की मूर्ति तैयार की जा रही हैं। बप्पा की मूर्ति में इस बार भगवान शिव और कृष्ण का भी स्वरूप दिया है। कारीगरों का कहना है कि पंडालों में मांग के अनुसार ये मूर्ति बनाई जाती हैं। इस बार चार फीट से नौ फीट तक मूर्ति तैयार की गई हैं। जिनकी कीमत पांच से 15 हजार रुपये तक बेची जा रही है।
I15 साल से मूर्ति बना रहे हैं राजस्थान के कारीगरI
जीएमएस रोड पर पिछले 15 साल से राजस्थान के कारीगर मूर्ति बना रहे हैं। मूर्तिकार सत्राराम ने बताया कि रायपुर, ऋषिकेश, हर्रावाला सहित कई जगहों पर भी मूर्तियां बनाई जाती हैं। बड़ी मूर्तियों के लिए पहले ही डिमांड आ जाती है। इस बार उन्होंने भगवान गणेश की करीब 150 छोटी-बड़ी मूर्ति तैयार की हैं।
I14वां महोत्सव : आठ फीट की मूर्ति होगी स्थापित, लोक गायक देंगे प्रस्तुतिI
क्लेमेंटटाउन के श्री शिव रघुनाथ मंदिर में गणेश उत्सव को लेकर तैयारी चल रही है। यहां इस बार आठ फीट की भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की जाएगी। साथ ही उत्सव में लोक गायक प्रस्तुति देंगे। श्री गणेश महोत्सव समिति क्लेमेंटटाउन की ओर से इस बार शिव रघुनाथ मंदिर में 14वां गणेश उत्सव मनाया जाएगा। समिति के सचिव मोहन जोशी ने बताया कि 14 साल पहले पटेलनगर में वह गणेश उत्सव देखने गए थे। तभी से उन्हें लगा कि अपने यहां भी गणेश उत्सव मनाया जाए। तभी से उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर समिति बनाई और गणेश उत्सव की शुरुआत कर दी। यहां इस बार पहले सात सितंबर को भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद पंडाल में बप्पा विराजमान होंगे। उत्तराखंड के लोक गायक सौरभ मैठानी, मंगेश डंगवाल, हेमा नेगी और हापुड़ से गायक सोनम, सहारनपुर से मनु दीप गणेश भगवान के भजनों की प्रस्तुति देंगे।