- लोखंडी के आसपास घर-मकान, खेत-खलिहान व पेड़-पौधे बर्फ से हुए लकदक
- सुरक्षा में तैनात पुलिस रख रही पर्यटकों की गतिविधियों पर नजर
- छावनी व निचले क्षेत्रों में लगातार होती रही बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। क्षेत्र की ऊंचाई वाली पहाड़ियों पर शनिवार की सुबह सीजन का तीसरा हिमपात हुआ। बर्फबारी से क्षेत्र के कई गांवों में स्थित घर-मकान, खेत-खलिहान और पेड़-पौधे बर्फ से लकदक हो गए। पहले से क्षेत्र में मौजूद पर्यटकों ने बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया। उधर सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में तैनात पुलिस भी पर्यटकों की गतिविधियों पर निरंतर नजर बनाए रही।
चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्र लोखंडी, असमाड़, देवबन, दुरानी, कांवता लानी, खड़ंबा में सुबह लगभग साढ़े 10:30 से सीजन की तीसरी बर्फबारी शुरू हुई। बारिश के बीच आसमान से रुई की तरह गिरती बर्फ को देखकर क्षेत्र के होटल, रिजॉर्ट, होम स्टे व आसपास पहले से मौजूद सैलानी सड़कों पर निकल आए। इस दौरान उन्होंने नाच-गाकर या शोर मचाकर बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया। बर्फबारी से अधिक प्रभावित क्षेत्र में देवदार, बांझ, बुरांश आदि के जंगल, पहाड़ी, सीढ़ीदार खेत व मकान आदि की छत बर्फ से लकदक हो गए। बर्फबारी के बाद लोखंडी के आसपास का नजारा पर्यटकों को खूब लुभा रहा है। उधर, चकराता के छावनी व निचले इलाकों में दिनभर लगातार बारिश होती रही जिससे जन जीवन प्रभावित रहा।