- बाबूगढ़ और केसर बाग में टूटे ताले, नकदी-जेवर गायब
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की दो वारदात हुईं। बाबूगढ़ वार्ड नं. पांच निवासी हृदेश कुमार और शहीद भगत सिंह कॉलोनी, केसर बाग निवासी गजे सिंह रावत के घरों से नकदी-जेवर चोरी हो गए। अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ चोरी और घर में घुसकर वारदात करने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक मयंक कुमार त्यागी और सनोज कुमार को सौंपी गई है। घटनास्थलों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार पहली घटना 24 अक्तूबर की है। गजे सिंह रावत सुबह करीब 11 बजे पत्नी के साथ निजी काम से देहरादून गए थे। रात करीब 8:45 बजे लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। चोर नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले गए।
दूसरी वारदात 25 अक्तूबर की है। हृदेश कुमार दोपहर करीब एक बजे मकान पर ताला लगाकर बिजनौर गए थे। रात करीब 10:45 बजे कर्मचारी ने घर में चोरी होने की सूचना दी। लौटने पर दरवाजों के ताले टूटे मिले और अलमारी के लॉकर में रखी नकदी व जेवरात गायब थे। प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।