शहर के एक बड़े स्पेयर पार्ट्स कारोबारी के सिंगरा कॉलोनी स्थित मकान के ताले चटका कर चोर आभूषण और नकदी ले उड़े। पुलिस ने कारोबारी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द घटना के खुलासे का दावा कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिंगरा कॉलोनी निवासी एकजोत सिंह धार्मिक यात्रा पर हरियाणा के अंबाला गए हुए थे। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जब वापस लौटे तो मकान के गेट का ताला टूटा हुआ था। बताया कि 17 जून की रात अज्ञात चोर उनके मकान के कमरे में रखी आलमारी से दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी टॉप्स, 35 हजार रुपये और एक महंगा स्मार्टफोन चोरी कर ले गए।
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ चोरी संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि सीसीटीवी कैमरा की फुटेज से कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान की गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर रावण की गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।