उत्तराखंड बोर्ड के छूटे हुए विषयों की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। राजधानी के सभी केंद्रों पर कोरोना बचाव के उपायों के साथ परीक्षा हुई। पहले दिन हाईस्कूल के एक और इंटरमीडिएट के तीन विषयों की परीक्षा हुई। सुबह की पाली में हाईस्कूल उर्दू की परीक्षा हुई।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आशारानी पैन्यूली के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 56 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 55 शामिल हुए। एक छात्र अनुपस्थित रहा। शाम की पाली में इंटरमीडिएट बायोलॉजी, कृषि रसायन और कृषि गणित का पेपर हुआ। बायोलॉजी में सबसे अधिक 2026 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 1989 ही उपस्थित रहे। कुल 39 छात्र अनुपस्थित रहे। रायपुर ब्लॉक में सबसे अधिक 16 छात्रों ने परीक्षा नहीं दी। कालसी ब्लॉक में सभी छात्र परीक्षा में शामिल हुए। कृषि गणित में कुल पंजीकृत 32 में से 29 और कृषि रसायन में सभी 25 छात्र उपस्थित रहे।
सोशल डिस्टेंसिंग से बैठे बच्चे
उत्तराखंड बोर्ड के छूटे हुए विषयों की परीक्षा के दौरान पेपर की चिंता के साथ कोरोना का डर भी दिखा। शिक्षक और छात्र सभी कोरोना को लेकर अतिरिक्त सतर्क रहे। सभी केंद्रों पर बच्चों को परीक्षा से एक घंटे पहले बुलाया गया ताकि उनकी ठीक से जांच की जा सके। स्कूल पहुंचने पर सभी छात्रों को एक निश्चित दूरी पर खड़ाकर उन सभी की थर्मल स्कैनिंग की गई। इसके बाद सभी छात्रों ने अपने हाथों को सैनिटाइज किया। सभी छात्रों को मास्क पहनने को भी कहा गया। कुछ केंद्रों पर बच्चे बिना मास्क के भी पहुंचे, जिन्हें शिक्षकों ने अपने पास से मास्क उपलब्ध कराए।