आरटीओ में अब वाहन स्वामियों को चालान जमा कराने को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यह काम अब सिंगल विंडो सिस्टम के तहत होगा। साथ ही अन्य विभागीय कार्यों के तमाम पटलों को भूतल पर लाने की योजना है।
बता दें, वर्तमान में वाहनों का चालान होने की स्थिति में शुल्क जमा कराने व जब्त कागजातों को लेने के लिए आरटीओ में अधिकारियों का चक्कर लगाने के साथ कई पटलों पर चक्कर लगाना पड़ता है। पिछले दिनों परिवहन सचिव डॉ. रंजीत सिन्हा ने निरीक्षण को दौरान इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए अधिकारियों को हिदायत दी थी। चालान शुल्क जमा करने और वाहनों के कागजात देने की प्रक्रिया एक ही काउंटर पर शुरू करने के निर्देश दिए थे।
आरटीओ डीसी पठोई ने बताया कि परिवहन सचिव के निर्देश पर अब सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर दिया गया है। इसके अलावा वाहन स्वामियों को अब परमिट बनवाने समेत कई अन्य विभागीय कार्यों के लिए कार्यालय की दूसरी मंजिल पर नहीं जाना होगा। इसके लिए तमाम पटलों को भूतल पर लाया जाएगा।