कैंट थाने से लेकर सिनर्जी अस्पताल तक सड़क पर लगीं स्ट्रीट लाइटें तीन माह से खराब पड़ी हैं। इससे यहां रात को अंधेरा छाया रहता है। वीवीआईपी रोड होने के बाद भी नगर निगम इसकी सुध नहीं ले रहा है। अंधेरा होने के कारण इस सड़क पर रात को अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
कैंट क्षेत्र में पड़ने वाली इस रोड पर रोज राज्यपाल, मुख्यमंत्री से लेकर अन्य वीवीआईपी का काफिला चलता रहता है, लेकिन खराब स्ट्रीट लाइटों की ओर से किसी की ध्यान नहीं गया, जो आश्चर्य कर देने वाला है। सामाजिक कार्यकर्ता अनिल मोटे ने बताया कि इस संबंध में कई बार एमडीडीए और नगर निगम से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन दोनों विभाग एक दूसरे की जिम्मेदारी बताते हुए पल्ला झाड़ दे रहे हैं। बताया कि रात को सड़क पर अंधेरा होने के कारण अक्सर लोग आवारा जानवरों से टकराकर दुर्घटना के शिकार भी हो रहे हैं। कई बार वीवीआई काफिले को भी परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन इसके बाद भी लाइटों को ठीक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं किया जाता तो नगर निगम में प्रदर्शन किया जाएगा।