आठ दिसंबर से एफआरआई में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को पुलिस के आला अधिकारियों ने कर्मियों को ब्रीफ किया। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था एपी अंशुमन ने कहा कि समिट के दौरान कार्यक्रम स्थल और आसपास क्षेत्र में ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग में अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था एपी अंशुमन ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से तीन घंटे पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचेंगे। अपने प्रभारी अधिकारी से नियमित संपर्क में रहेंगे। ड्यूटी स्थल और उसके आसपास के स्थानों को भली-भांति चेक करेंगे। ड्यूटी में नियुक्त सभी अधिकारी, कर्मचारी अपने साथ पहचानपत्र तथा ड्यूटी कार्ड अवश्य रखेंगे। कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों व उनके वाहनों को ही चेकिंग के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। कहा कि ड्यूटी के दौरान अधिकारी और कर्मचारी अनावश्यक मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे। बिना बताए ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेंगे। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वीवीआईपी रूट के प्रभारी को निर्देश दिया कि कार्यक्रम से पूर्व ही संपूर्ण रूट व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। सुनिश्चित करेंगे कि वीवीआईपी रूट पर किसी प्रकार की निर्माण सामग्री न पड़ी हो। इस दौरान आईजी गढ़वाल रेंज करन सिंह नगन्याल, डीआईजी प्रशिक्षण बरिंदर जीत सिंह, डीआईजी इंटेलीजेंस दलीप सिंह कुंवर, एसएसपी अजय सिंह समेत कई अधिकारी और ड्यूटी में नियुक्त कर्मचारीगण मौजूद रहे।