सड़क पर खड़ी चाभी लगी स्कूटी को लेकर एक युवक फरार हो गया। स्कूटी पर बच्चा भी बैठा था। युवक स्कूटी के साथ बच्चे को लेकर फरार हो गया। दिनदहाड़े बच्चे के अपहरण की आंशका के चलते लोगों ने स्कूटी सवार का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची बसंत विहार थाना पुलिस को युवक सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है। वह अपना नाम तक नहीं बता पा रहा है।
घटना बुधवार दोपहर की है। बसंत विहार क्षेत्र स्थित एक स्कूल से छुट्टी के बाद कुलदीप अपने बच्चे को लेकर घर जा रहा था। बल्लूपुर के पास कुलदीप सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर दुकान में सामान लेने चले गए। स्कूटी पर चाभी लगी रही और उसमें बच्चा भी बैठा था। तभी वहां से गुजर रहे एक युवक ने स्कूटी स्टार्ट की और बच्चे समेत लेकर फरार हो गया।कुलदीप की नजर पड़ी तो उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग युवक के पीछे दौड़ पड़े। बाइक सवारों ने युवक को थोड़ी दूर जाकर पकड़ लिया।
पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस के अनुसार युवक मानसिक बीमार है। अपना नाम भी ठीक से नहीं बता पा रहा है। युवक को चोटें आई हैं। पुलिस ने उसका प्राथमिक उपचार कराया। थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।