- हरबर्टपुर पुलिस ने दो रेक्टिफायर और 40 मीटर केबल बरामद, 80 हजार रुपये आंकी गई कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। हरबर्टपुर क्षेत्र में मोबाइल टावर से दो रेक्टिफायर और पावर केबल चोरी करने के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के आरोप में कबाड़ बीनने वाली शिवनगर बिहारी बस्ती सेलाकुई निवासी सोनी (मूल निवासी बिहार, मुजफ्फरपुर, थाना गायघाट, गांव हथ्था कनौजर) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए दोनों रेक्टिफायर और 40 मीटर पावर केबल बरामद की गई है। बरामद माल की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि दो नवंबर को रॉयल कमांड प्रोटेक्शन ग्रुप के सुरक्षा सुपरवाइजर नरेश सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि हरबर्टपुर स्थित इडेंस कंपनी के मोबाइल टावर से दो रेक्टिफायर और केबल चोरी हो गई है। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो नवंबर की रात 9:45 बजे बीडीएम स्कूल के पास हरबर्टपुर से महिला को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिकी में बरामदगी से संबंधित धारा भी बढ़ा दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।