यहां रंपुरा में भाजपा नेता के घर देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। इस दौरान चोरों ने भाजपा नेता के घर से नगदी समेत लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालना शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक रंपुरा 8 निवासी भाजपा नेता छेदालाल पाल शनिवार की रात को गर्मी के चलते घर की छत पर जाकर सो गए और उनकी पत्नी सुशीला घर के आंगन में सो गयी। दो बेटे, बेटियां, पुत्रवधू और मां अपने-अपने कमरों में सोए हुए थे। देर रात चोर छत से मकान में दाखिल हुए और भाजपा नेता के कमरे में जाकर बिस्तर के नीचे रखी चाबी से अल्मारी खोली।
चोर 45 हजार की नगदी समेत सात-आठ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। इसका पता सुबह नींद खुलने पर चला। भाजपा नेता और पत्नी कमरे में गए तो सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। बताया गया कि उनकी घर पर किराने की दुकान हैं और वह किराने के थोक व्यापारी भी हैं। चोरी की घटना की सूचना पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, मेयर रामपाल भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जानकारी जुटायी।