देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र जिला पंचायत हरिद्वार को छोड़कर जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए निर्वाचक नामावली तैयार कराने के लिए समय सारिणी तय कर दी है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया है कि आठ सितंबर को निर्वाचक नामावलियों का ड्राफ्ट जारी होगा। दस सितंबर को निरीक्षण एवं दावा आपत्ति दाखिल करने की अवधि, 12 सितंबर को दावा-आपत्ति का निस्तारण और 15 सितंबर को अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट, रिटर्निंग ऑफिसर (जिला योजना समिति) की ओर से जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए जिला पंचायत और नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची की तैयारी के कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों में प्रचार प्रसार कराया जाएगा। निर्वाचक मंडल की जानकारी के लिए जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय और जिला पंचायत के मुख्यालय और सभी नगर स्थानीय निकायों के मुख्यालयों में प्रदर्शन कराया जाएगा। उन्होंने बताया पूरी कार्रवाई रिटर्निंग अफसर, जिला मजिस्ट्रेट की ओर से संपन्न की जाएगी।