मनमानी जगहों पर न खड़े हों सार्वजनिक वाहन
जिलाधिकारी ने शहर में मनमाने स्थानों पर सार्वजनिक वाहन खड़े करने पर नाराजगी जताई। कहा, ऐसे वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया जाए। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश देकर कहा कि तय स्थान पर ही सार्वजनिक वाहन रुकें, अपनी मर्जी से कहीं भी सवारी उतारने व चढ़ाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करें।
सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा उठाता शहर, डीएम ने जताई नाराजगी
डीएम सविन बंसल ने जब शहर के ड्रेनेज सिस्टम को लेकर बात की तो अफसर फिर डीएम को तर्क देने लगे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। दरअसल सिंचाई विभाग पिछले 15 सालों से अफसरों को ऐसे ही तर्क देते आ रहे हैं, जिसके कारण हर साल पूरा शहर तालाब बन जाता है। देहरादून में 15 वर्षों से ड्रेनेज प्लान बनाने की तैयारी चल रही है। करीब 5000 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान बनाने का जिम्मा रुड़की सिंचाई विभाग के पास है। कई साल गुजरने के बाद भी रुड़की के अफसर प्लान तैयार नहीं करा सके हैं। बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर दून का प्लान बनाने के लिए रुड़की के सिंचाई विभाग को काम क्यों सौंपा गया। प्राइवेट कंसल्टेंसी कंपनी पुणे में बैठकर सेटेलाइट के जरिये प्लान तैयार कर रही है, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है। इसी पर डीएम भड़के और हर हाल में इस साल प्लान तैयार कर अमल में लाने के निर्देश दिए।