- आंचल ब्रांड को दुग्ध उत्पादों के कारोबार से 16 करोड़ का लाभ
- सरकार ने 92 करोड़ से बढ़ा कर 140 करोड़ किया बजट
अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ीसैंण। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि बीते एक वर्ष में राज्य में दुग्ध उत्पाद में 3.13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। आंचल ब्रांड के दुग्ध उत्पादों का कारोबार बढ़ा है। इससे 16 करोड़ का लाभ हुआ है।
भाजपा विधायक बृजभूषण गैरोला के प्रश्न पर विभागीय मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा वर्तमान में कुल 1957.25 हजार टन दूध उत्पादन हो रहा है। बीते वर्ष 1897.84 हजार टन था। राज्य की आबादी के आधार पर प्रतिव्यक्ति दैनिक दूध की उपलब्धता 456 ग्राम है, जो भारत की प्रतिव्यक्ति उपलब्धता 485 के करीब है। राज्य में प्रतिनिधि दुग्ध उत्पादन 53.62 लाख किलोग्राम है। जबकि खपत 50.34 लाख किलोग्राम प्रतिदिन है।
प्रदेश में 2830 दुग्ध सहकारी समितियां है। पिछले वर्ष 289 नई समितियों का गठन किया है। आंचल ब्रांड ने वर्ष 2024-25 में 399.58 करोड़ का व्यापार किया गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 444 करोड़ का कारोबार संभावित है। उन्होंने कहा राज्य में गंगा गाय महिला डेयरी योजना के तहत 7129 लोगों को दुधारु गाय दी गई। दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन राशि का अग्रिम भुगतान किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने दुग्ध विकास विभाग के बजट को 72 करोड़ से बढ़ा कर 140 करोड़ किया है।