एफआरआई में आयोजित 'वन संवर्धन और वानिकी' कार्यशाला में पहुंचे सैन्यकर्मी।
देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में टेरिटोरियल सेना की इको बटालियन के कार्मिकों के लिए आयोजित साप्ताहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। वन संवर्द्धन एवं वानिकी विषय पर हुए कार्यक्रम में जवानों ने नर्सरी की स्थापना, वनीकरण व वन संरक्षण की कई पद्धतियां सीखीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एफआरआई के निदेशक अरुण सिंह रावत ने कहा कि टेरिटोरियल सेना की इको बटालियनें दुस्साध्य क्षेत्रों में वनीकरण, गंगा नदी की सफाई एवं उसके पुनरुद्धार के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण से जवानों को बीज संग्रह, नर्सरी, कीट प्रबंधन, फाइटोरेमेडिएशन व अन्य विषयों पर अधिक जानकारी मिली है। कमांडिंग अधिकारी कर्नल वैद्य ने पौधरोपण की परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. मनीषा थपलियाल ने बीज रखरखाव, बीज भंडारण के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में दिल्ली, राजस्थान, सांबा (जम्मू), इलाहाबाद, महाराष्ट्र व उत्तराखंड से आए 8 इको बटालियन के 23 अधिकारियों, जेसीओ व जवानों ने हिस्सा लिया।