भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की रणजी ट्रॉफी का दूसरा मैच मंगलवार को पूरा हो गया। मैच के चौथे दिन उत्तराखंड का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। जिसके चलते टीम 266 रनों से मैच हार गई। इसके साथ ही तीन मुकाबलों में उत्तराखंड अभी तक दो हार चुकी है।
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे मैच की दूसरी पारी में उत्तराखंड सिर्फ 71 रनों पर सिमट गई। विदर्भ के लिए हर्ष दुबे ने सबसे अधिक छह महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उत्तराखंड ने पहली बारी में आर समर्थ के 119 रनों की बदौलत 289 रनों को स्कोर बनाया था। जबकि विदर्भ ने पहली पारी में 326 रन बनाए थे।
विदर्भ के लिए वाईवी राठौड़ ने 135 रनों की शतकीय पारी खेली थी। पहली पारी में उत्तराखंड के लिए मयंक ने सर्वाधिक तीन, अवनीश सुधा और स्वप्निल सिंह ने दो-दो चटकाए थे। विदर्भ ने दूसरी पारी में 300 रन बनाए। जबकि उत्तराखंड की टीम दूसरी पारी में 71 रन पर ऑलआउट हो गई। आलम यह रहा कि उत्तराखंड के ओपनर बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
टीम के लिए युवराज चौधरी सर्वाधिक 38 रन बना पाए। इससे पहले उत्तराखंड का पहला रणजी का मुकाबला हिमाचल प्रदेश के एचपीसीए स्टेडियम में हिमाचल प्रदेश के साथ खेला गया था। इस मुकाबले में हिमाचल की टीम ने उत्तराखंड को पारी और 97 रनों से करारी शिकस्त दी थी।
इसके बाद 18 अक्तूबर को दून में खेले गए मैच में उत्तराखंड ने हैदराबाद को हराया था। जबकि दून में होने वाला आखिरी मुकाबला 13 से 16 नवंबर को गुनियाल गांव स्थित एक निजी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।