सर्जरी के बाद बुधवार को पुलिस के 'शक्तिमान' की हालत में सुधार देखने को मिला। सुबह शक्तिमान ने घास और चने भी खाए।
उधर, बुधवार को राजधानी में बीजेपी विधायक गणेश जोशी द्वारा शक्तिमान को बुरी तरह से पीटे जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में प्रदर्शन किया।
पुलिस के बाद आम जनता की आंखों का नूर बना शक्तिमान अब पहले की तरह नहीं दौड़ पाएगा, क्योंकि बाएं पैर की बोन्स बुरी तरह चकनाचूर हुई है। सर्जरी में बाहरी तरफ से उसके पैर में रॉड डाली गई है। पुराने अनुभव के आधार पर इस तरह की आशंका जताई जा रही है, लेकिन चिकित्सक इस बारे में अभी कुछ कहने से बच रहे हैं ।
शक्तिमान के स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर हर कोई जानने का उत्सुक है। हमले में बाएं पैर की हड्डी टूटने के बाद आम लोगों की भावनाएं भी उससे जुड़ गई है। दिन भर उसकी हालत में सुधार की कामना की जाती रही।
पुलिस ने भी उसके उपचार में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शक्तिमान फिर से पहले की तरह दौड़ पाएगा। पुलिस और पशु चिकित्सक खुद आशंकित है।