देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने प्रदेश के राजकीय व राजकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के खुलने व छुट्टी के वर्तमान समय सारणी में बदलाव का विरोध किया है।
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण, प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी, कोषाध्यक्ष मनमोहन सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाला प्रदेश है। यहां पर मैदानी क्षेत्रों में गर्मियों में एक बजे के बाद विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए पठन पाठन के लिए अनुकूल मौसम नहीं रहता है। पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दियों में दूरदराज से आने वाले बच्चों के लिए सुबह 8.50 तक विद्यालय में पहुंचना संभव नहीं है दूसरी ओर वन्यजीवों जानवरों का भय भी दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है इसलिए यह व्यवस्था प्रदेश में व्यावहारिक नहीं है। इसे पूर्व की भांति ही रखा जाना चाहिए। संगठन ने अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में तीन माह से अधिक समय से रिक्त पदों को पुनर्जीवित करवाए जाने संबंधी नियम को तीन वर्ष करने, भर्ती पर लगी अघोषित रोक हटाने और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की है। ब्यूरो