बारिश के चलते जजरेड की पहाड़ियों से मलबा गिरना शुरू हो गया। थोड़ी ही देर में कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। जिसके कारण मार्ग पर दोनों ओर भारी संख्या में वाहन फंस गए।लगभग चार घंटे के बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
भू-स्खलन के मामले में अति संवेदनशील जजरेड की पहाड़ी से कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर आए भारी मलबे से यातायात अवरूद्ध हो गया। क्षेत्र में सायं साढ़े चार बजे तेज बारिश शुरू हो जाने के कारण पहाड़ी से पत्थर व मलबा बहकर सड़क पर जमा होने लगा।
इस दौरान मार्ग पर दौड़ रहे दोपहिया व चारपहिया वाहन फंस गए। मलबा आने व दोनों किनारों पर वाहनों के फंस जाने की सूचना लोक निर्माण विभाग को मिलने के बाद लगभग छह बजे मौके पर एलएनटी मशीन से मलबा हटाने का कार्य शुरू हुआ। करीब ढाई घंटे के प्रयासों के बाद मार्ग से मलबा हटाकर यातायात को सुचारू करा दिया गया।
लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि मौके पर एलएनटी मशीन को तैनात किया गया है जिससे किसी भी समय आवश्यकता पड़ने पर मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया जा सके। उन्होंने बताया कि मार्ग पर यातायात सुचारू है।