वीर शहीद केसरी चंद जन्मोत्सव में शुक्रवार देर शाम तक बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल की आवाज का जादू श्रोताओं पर खूब चला। उन्होंने ‘ओ साथी, ओ साथी, तेरी चिट्ठी...’, कुछ तो बता, ऐ जिंदगी..’ जैसे लोकप्रिय गीत सुनाए। इसके अलावा जुबिन ने लोक गायक सन्नी दयाल, खजान दत्त शर्मा समेत अन्य के साथ मिलकर भी जौनसारी गीत पेश किए।
वीर शहीद केसरी चंद युवा समिति की ओर से पवेलियन मैदान में आयोजित दो दिवसीय जन्मोत्सव मेला सांस्कृतिक संध्या के साथ शुक्रवार देर शाम को संपन्न हो गया। बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इसके बाद लोक गायक सन्नी दयाल ने ‘कोदो का कोदुआ, डांडे की चलेखुदीयो..’, खजान दत्त शर्मा ने ‘केसरी गीत...’, सीताराम चौहान ने ‘झेड़ो पुफिए, हारूल...’, अरविंद राणा ने ‘बांको जौनसार, ऊंचे चल पहाड़े’ जौनसारी गीतों से समा बांधा।
धर्मेंद्र परमार ने ‘बिजोरा ली, शावणी’, अंकित सेमवाल ने ‘अगलाड़ा को मौण हारूल...’ व अज्जू तोमर ने ‘शावणीए, प्रतिमा ली’ से पहाड़ी आंचल की सैर कराई।
इस अवसर पर रामशरण नौटियाल, नारायण सिंह राणा, टीआर शर्मा, समिति अध्यक्ष विपिन जोशी, उपाध्यक्ष स्वराज चौहान, महासचिव विजयराम शर्मा, सचिव राजेश चौहान, कोषाध्यक्ष हाकम चौहान, ध्वजवीर सिंह, बलवीर सिंह, गंभीर चौहान आदि उपस्थित रहे।
कबड्डी में देवभूमि एकेडमी बना विजेता
केसरी चंद जन्मोत्सव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब देवभूमि एकेडमी ने अपने नाम किया। फाइनल में देवभूमि व नौटियाल एकेडमी के बीच खिताबी भिड़ंत हुई, जिसमें देवभूमि ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आई 12 टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता टीम को पुरस्कृत भी किया गया।
सीएम ने दी श्रद्धांजलि, वीरता को किया नमन
जन्मोत्सव में शुक्रवार सुबह गांधी पार्क में हुई श्रद्धांजलि सभा में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत भी पहुंचे। उन्होंने वीर शहीद केसरी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनकी वीरता को नमन किया। सीएम ने शहीद केसरी चंद की वीरता एवं बलिदान को प्रेरणास्त्रोत बताया। इस मौके पर समिति की ओर से सीएम को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें शहीद केसरी चंद को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की भांति विशेष दर्जा देने की मांग उठाई। इस दौरान विधायक गणेश जोशी, विधायक खजानदास भी मौजूद रहे।