-बीजेपी प्रदेश महामंत्री ने कहा, सड़कों पर खीज उतार रही है कांग्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस के लगातार हंगामे और प्रदर्शन को राजनैतिक नौटंकी बताते हुए कड़े शब्दों में आलोचना की है। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि ये सब मुद्दे हाथ से निकलने पर कांग्रेस पार्टी की खीज है। क्योंकि धामी सरकार त्वरित कार्रवाई से सभी मसलों का समाधान कर रही है।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में परिहार ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वर्तमान राजनैतिक रवैए को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अराजक बताया। कहा कि जिन दो प्रमुख मुद्दों अंकिता हत्या प्रकरण और किसान आत्महत्या को लेकर उनके लोग सड़कों पर अलोकतांत्रिक तरीके से हंगामा कर रहे हैं। किसी भी सभ्य समाज में जनतांत्रिक अधिकारों के संदर्भ में जायज नहीं ठहराया जा सकता है। आप किसी बात से सहमत नहीं हैं तो शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। नारेबाजी और काले झंडे दिखाने के प्रयास तक तो सही लेकिन किसी को रास्ते में रोककर हंगामा करना, जानबूझकर टकराव की स्थिति पैदा करना, कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनना, किसी भी तरह से जायज नहीं ठहराया जा सकता है।
परिहार ने कहा कि सरकार के सख्त रुख और कठोर करवाई से बेटी अंकिता के हत्यारों को उम्र कैद की सजा दिलवाई गई थी। बावजूद इसके हाल में संशय और भ्रम की स्थिति आने के बाद पीड़ित परिवार की राय से सीबीआई जांच की घोषणा भी कर दी गई है। इसी तरह, काशीपुर में किसान आत्महत्या को लेकर भी कुमाऊं कमिश्नर जांच कर रहे है।