- जस्टिस बीसी कांडपाल के निधन की खबर के बाद स्थगित कर दी गई आम सभा
- आज भी न्यायिक कार्यों से विरत रहकर आम सभा में भाग लेंगे अधिवक्ता
चेंबर आवंटन को लेकर हुई बार एसोसिएशन की आम सभा बुधवार को हंगामेदार रही। खचाखच भरे विधि भवन में अधिवक्ताओं ने आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी करने की मांग की। करीब चार घंटे चली इस आम सभा को जस्टिस बीसी कांडपाल की निधन की खबर के बाद स्थगित कर दिया गया। अब बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहकर अधिवक्ता फिर से इस आम सभा का हिस्सा बनेंगे।
जिला न्यायालय परिसर पुरानी जेल परिसर में स्थापित होने के बाद अब अधिवक्ताओं के लिए चेंबर भी वहीं पर बन रहे हैं। पिछले दिनों सरकार से जमीन आवंटित होने के बाद इस पर चेंबर निर्माण की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। पिछले दिनों बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने इसके लिए एक नियमावली भी बनाई थी। इसे लेकर तमाम अधिवक्ताओं की राय ली जानी थी। लिहाजा, बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने बुधवार को आम सभा बुलाई। हजारों की संख्या में अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहकर आम सभा का हिस्सा बने। अधिवक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में अधिवक्ताओं के लिए बैठने का परिसर करीब 64 बीघा में है।
ऐसे में पुरानी जेल परिसर में केवल पांच बीघा जमीन पर किस तरह से अधिवक्ताओं के लिए व्यवस्था की जाएगी। कुछ अधिवक्ताओं ने चेंबर निर्माण के लिए अधिवक्ताओं के अंश की राशि को भी अधिक बताया। प्रत्येक अधिवक्ता से तीन लाख रुपये चेंबर निर्माण को लिए जा रहे हैं। इसके लिए प्रथम किस्त 50 हजार रुपये है। किस्त जमा करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर तय की गई है। ऐसे में अधिवक्ताओं ने इस तिथि को बढ़ाने की मांग भी की।
साथ ही कहा कि बार कार्यकारिणी इस बात को अपनी राय स्पष्ट करे कि अगली किस्त कब तक दी जानी है। इन सभी बातों को लेकर खासा हंगामा हुआ। सुबह 11 बजे से शुरू हुई आम सभा को साढ़े तीन बजे जस्टिस बीसी कांडपाल के निधन की खबर मिलते ही स्थगित कर दिया गया। अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।
सरकार से की जाए धन की मांग
अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए पुनर्स्थापना की मांग की जानी चाहिए। सरकार से चेंबर निर्माण के लिए धन की मांग करनी चाहिए। हालांकि, अध्यक्ष का भाषण होने से पहले ही सभा को स्थगित कर दिया गया। अब इस पर पूरी बहस और निर्णय बृहस्पतिवार को होने वाली आम सभा में ही लिया जाएगा। इस दौरान अध्यक्ष राजीव शर्मा बंटू, सचिव राजबीर सिंह बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा उर्फ चीनी, प्रेमचंद शर्मा, शिवा वर्मा, सौरभ दुसेजा, अनिल पंडित, राकेश गुप्ता, रजिया बेग आदि उपस्थित रहे।