- एक सप्ताह में लगभग 1300 पक्षियों की हुई बढ़ोतरी, संख्या पहुंची 4300
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। आसन रामसर साइट में प्रवासी पक्षियों के आने का क्रम लगातार जारी है। विभागीय आंकलन के मुताबिक फिलहाल पक्षियों की संख्या 4300 तक पहुंच गई है। उधर तेजी से बढ़ रही पक्षियों की संख्या से पक्षी विशेषज्ञ व पक्षी प्रेमियों में भी उत्साह का बना हुआ है।
आसन रामसर साइट हर साल सर्दियों में प्रवासी पक्षियों का पसंदीदा ठिकाना बनती है। यहां अनुकूल वातावरण और पर्याप्त भोजन उपलब्ध होने के कारण विभिन्न प्रजातियों के पक्षी लंबी दूरी तय करके पहुंचते हैं। इन पक्षियों का प्रवास अक्तूबर के मध्य से शुरू होता है और मार्च के पहले या दूसरे सप्ताह तक जारी रहता है। इस दौरान हजारों की संख्या में पक्षी यहां अपना प्रवासकाल बिताते हैं। इस बार भी प्रवासी पक्षियों के आगमन का सिलसिला तेजी से चल रहा है। एक सप्ताह पहले आसन रामसर साइट पर कराई गई पक्षी गणना में करीब तीन हजार पक्षियों की मौजूदगी का आकलन किया गया था। इसके बाद से लगातार पक्षियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अब इनकी संख्या करीब 4300 तक पहुंच गई है। आसन रेंज के रेंजर आनंद सिंह रावत ने बताया कि फिलहाल रामसर साइट पर करीब 4300 प्रवासी पक्षी पहुंच चुके हैं। अभी इनके आने का सिलसिला जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में पक्षियों की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है।