कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की प्रयास योजना के तहत 17 कर्मियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) मिला तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। ऐसे में अब पेंशन के लिए इन कर्मचारियों को कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के अंतर्गत आने वाले सदस्यों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ जारी की जा रही है। यह योजना साल 2021 में शुरू की गई थी।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 विश्वजीत सागर ने बताया कि विभिन्न विभागों व कंपनियों में कार्य करने वाले कर्मियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पीपीओ दिया जा रहा है। इसके लिए हर महीने करीब 100 कंपनियों व विभागों को मेल भेज सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का डाटा मांगा जा रहा है, ताकि सेवानिवृत्ति के दिन ही उन्हें पीपीओ दिया जा सके। इसके लिए प्रतिष्ठानों को संबंधित माह में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों का एडवांस ईसीआर कार्यालय में जमा करना होगा। इस दौरान क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 आरएस तंवर, सहायक भविष्य निधि आयुक्त दीपक पाल भी मौजूद रहे।
Iइन्हें मिला पीपीओ का लाभI
ओएनजीसी से सेवानिवृत्त हुए प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदीप सोनकर, माया दत्त जोशी, भागीरथी देवी, राम सिंह, ज्योति भट्ट, राजेश वासुदेव, कृष्ण कुमार बग्गा, उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड से सेवानिवृत्त हुए सुरेश कुमार, ज्ञान सिंह, मोहन सिंह, धर्मानंद, रमेश चंद्र सिंह और भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, हरिद्वार से सेवानिवृत्त हुए प्रवीण चंद झा समेत कुल 17 पेंशनर्स को प्रयास योजना के तहत पीपीओ सौंपा गया।