उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन की दून जिले की कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। शनिवार को माजरा स्थित संगठन भवन में हुए कार्यक्रम में नवनीत चौहान को जिला अध्यक्ष, नरेंद्र सिंह चौहान और अनु चौहान को उपाध्यक्ष, श्याम सुंदर को जिला सचिव चुना गया।
जिलाध्यक्ष नवनीत चौहान ने कहा कि उच्च न्यायालय की ओर से निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी निगम ने सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता के पद पर पदोन्नति के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि पदोन्नति प्रकरण को बेवजह लटकाने के कारण पिछले करीब नौ सालों से असंतोष व्याप्त है। कहा कि उच्च न्यायालय ने वाद की सुनवाई के दौरान निगम प्रबंधन की गलत कार्यशैली के कारण निगम प्रबंधन पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था।
निगम प्रबंधन मामले के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। कहा कि उत्तराखंड के मूल निवासी अवर अभियंता संवर्ग और प्रोन्नत अभियंताओं के साथ निगम प्रबंधन अनदेखी और अन्यायपूर्ण रवैये ने एसोसिएशन को आंदोलन करने के लिए विवश कर दिया है। नई कार्यकारिणी ने एसोसिएशन के 28 मई से शुरू होने वाले आंदोलन में भागीदारी की शपथ ली।
इस मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष रविंदर सैनी, उपाध्यक्ष पवन रावत, सुनील उनियाल, महासचिव राहुल अग्रवाल, जगपाल सिंह, विमल कुल्याल आदि मौजूद रहे।