देहरादून। उपनल के माध्यम से जल्द ही विदेश में नौकरी करने का सपना पूरा होगा। विभाग ने करीब दो महीने पहले विदेश विभाग से कार्मिकों को विदेश में नियुक्त करने के लिए आवश्यक अनुमति मांगी थी। यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद उपनल के माध्यम से विदेशों में नौकरी करने की संभावनाओं के द्वार खुल जाएंगे।
उपनल ने पहले ही उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों और केंद्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों में कर्मचारियों को भेजने का काम शुरू कर दिया है। उपनल की सेवा लेने वालों में एम्स, गेल, आईओएल, ओएनजीसी, विद्युत संचार क्षेत्र में काम कर रही कंपनियां और कई अन्य संस्थान शामिल हैं। संस्थान इस सूची में कई अन्य संस्थाओं को शामिल करने के लिए लगातार बातचीत कर रहा है।
संस्थान पूर्व सैनिकों या उनके आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए काम करता है। इस समय संस्थान से रजिस्टर हुए सभी लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। संस्थान भविष्य में आने वाले योग्य उम्मीदवारों को बेहतर रोजगार दिलाने के लिए अवसरों की तलाश कर रहा है।
उत्तराखंड सरकार के सचिव युगल किशोर पंत ने कहा कि हमें उम्मीद है कि उपनल को जल्द ही केंद्र सरकार से विदेशों में कार्मिकों को भेजने की अनुमति मिल जाएगी। इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों को विदेशों में नौकरी करने का अवसर दिया जाएगा।