डाकपत्थर रोड के किनारे स्थित नाला गंदगी से अटा पड़ा है। इस कारण आसपास के लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश जगहों पर नाला खुला है। दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र नाले की सफाई की मांग की है।
करीब 10 वर्ष पूर्व विकासनगर क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए डाकपत्थर रोड के किनारे नाले का निर्माण किया गया था। इस नाले से बरसात के पानी की निकासी होती है। यह पालिका क्षेत्र विकासनगर के लिए ड्रैनेज सिस्टम का भी कार्य करता है। अभी नाला देखरेख के अभाव में क्षतिग्रस्त भी हो गया है। स्थानीय निवासी योगेश अग्रवाल, तारा चंद, नवाब का कहना है कि सफाई न होने से नाला जगह-जगह चोक है। गंदा पानी जमा हो गया है। लोगों को दुर्गंध का सामाना करना पड़ रहा है। बीमारी फैलने की भी आशंका बनी हुई है। आरोप लगाया कि विभाग से कई बार नाले की सफाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रधान प्रतिनिधि जाबिर मलिक ने नाले पर स्लैब डालने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई बार पशु नाले में गिर जाते हैं। एसडीएम विनोद कुमार का कहना है कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।