जिलाधिकारी सोनिका ने डाकपत्थर बैराज पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश उप जिलाधिकारी को दिए हैं। पुल अब ज्यादा दबाव झेलने की स्थिति में नहीं है और भारी वाहनों के आवागमन की स्थिति में खतरे की आशंका है।
जिलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को डाकपत्थर बैराज पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डाकपत्थर पार्क से डाकपत्थर की ओर जाने वाले व पार्क से हिमाचल प्रदेश की सीमा तक बने पुलों का मौका मुआयना किया। 1960 में बने बैराज पुल अपनी तकनीकी आयु को पूरी कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पुल की स्थिति अत्यधिक दबाव झेलने की नहीं है। बैराज के पुल अपनी तकनीकी आयु पूरी कर चुके हैं, इसलिए पुलों से गुजरने वाले भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए। निरीक्षण के दौरान पुल से गुजरने वाले वाहनों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने व एक निश्चित ऊंचाई पर लोहे के गार्डर लगाकर भारी वाहनों को आने से रोकने के आदेश उपजिलाधिकारी को दिए। बताते चले कि आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञ कई साल पहले जल विद्युत निगम को भारी वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए चेतावनी दे चुके हैं। निरीक्षण के दौरान विकासनगर के उपजिलाधिकारी विनोद कुमार, सहायक निदेशक सूचना बद्री चंद्र नेगी, तहसीलदार मुकेश रमोला समेत तहसील के कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।