- अमर शहीद केसरी चंद का 107वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया
- देहरादून के गांधी पार्क, डाकपत्थर डिग्री कॉलेज व हरिपुर यमुना घाट पर आयोजित हुए कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। आजाद हिंद फौज के वीर सेनानी शहीद केसरी चंद का 107वां जन्मोत्सव रविवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देहरादून के गांधी पार्क में शहीद केसरी चंद समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उन्होंने कहा, देश के वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर देश को आजादी दिलाई है। उधर डाकपत्थर डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ पदाधिकारियों व छात्र-छात्राओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके अलावा हरिपुर यमुना घाट पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद केसरी चंद सहित अन्य शहीदों के स्मारकों पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, मधु चौहान, मूरत राम शर्मा, प्रताप सिंह रावत, मुन्ना राणा, मीरा राठौर, मठोर सिंह चौहान, दयाराम जोशी, विपिन शर्मा आदि समेत शहीद केसरी चंद के परिजन मौजूद रहे।
छात्र-छात्राओं ने की प्रतिमा की सफाई
डाकपत्थर स्थित वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद वीर केसरी चंद की प्रतिमा की छात्र-छात्राओं ने साफ-सफाई की। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व छात्रसंघ के पदाधिकारियों और अन्य छात्र-छात्राओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। दस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम तोमर ने उनके जीवन पर विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में 32 यूनिट रक्त हुआ एकत्र
कालसी। वीर शहीद केसरी चंद युवा समिति के माध्यम से यमुना कृष्ण धाम हरिपुर में जन्मोत्सव मनाया गया। समिति पदाधिकारियों ने मां यमुना की प्रतिमा के सम्मुख पूजा-अर्चना करके रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान आयोजित किया। संस्कृति विभाग की ओर से लोक गायक अरविंद राणा ने हारुल की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 32 यूनिट रक्तदान किया। शिविर का आयोजन सुभारती अस्पताल के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष मातबर सिंह चौहान, राजवीर सिंह चौहान, मनोज चौहान, कुंदन सिंह चौहान, खुशीराम चौहान, सुनील चौहान, नितिन चौहान, गंभीर चौहान आदि मौजूद रहे।