कैंट बोर्ड प्रेमनगर में बने इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का संचालन अब खुद करेगा। पहले इसे पीपीपी मोड पर देने की योजना थी। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष ब्रिगेडियर एसएन सिंह की अध्यक्षता में हुई वैरी बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में शहीद दुर्गामल्ल पार्क की कैंटीन को पीपीपी मोड पर देने, कैंट बोर्ड अस्पताल में महिला फिजियोथैरेपिस्ट की नियुक्ति के साथ प्रेमनगर दशहरा ग्राउंड में मिनी स्टेडियम बनाने और बहुउद्देशीय हॉल बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही म्यूटेशन और भवन मानचित्र भी स्वीकृत किए गए।
बैडमिंटन कोर्ट को पीपीपी मोड पर देेने के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। अब बोर्ड अगले सप्ताह से इसका संचालन खुद करेगा। इसके लिए प्रति माह 800 रुपये फीस तय की गई है। यहां एक प्रशिक्षक और सुरक्षाकर्मी तैनात किया जाएगा। आवेदन करने वालों को कैंट बोर्ड स्मार्ट कार्ड जारी करेगा, जिससे उनकी उपस्थित दर्ज होगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। जिस पर तय किया गया कि दशहरा ग्राउंड के एक साइड में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। जल्द ही इसका प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। साथ ही कैंट बोर्ड ऑफिस के सामने एक बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण और गढ़ी बाजार में जन औषधि केंद्र का प्रस्ताव भी बैठक में पास किया गया। सीईओ तनु जैन ने कहा कि जल्द ही इसके लिए जमीन तलाशी की जाएगी।
कैंट क्षेत्र में व्यवसायिक कनेक्शनों पर रोक
पानी की कमी को देखते हुए कैंट बोर्ड ने पानी के व्यावसायिक कनेक्शनों पर रोक लगा दी है। बृहस्पतिवार से अगले आदेश तक कोई भी व्यावसायिक कनेक्शन जारी नहीं किया जाएगा। कैंट बोर्ड सीईओ तनु जैन ने कहा कि गर्मियों में कैंट क्षेत्र में पानी की किल्लत रहती है। नए कनेक्शन जारी करने से यह किल्लत और बढ़ेगी। इसलिए फिलहाल व्यावसायिक कनेक्शनों पर रोक लगा दी गई है।