कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि शहर की सड़कों की स्थिति को जल्द सुधारा जाएगा। उन्होंने शीघ्र मोतीलाल नेहरू मार्ग के शिलान्यास के निर्देश दिए।
लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि मोटीधार-मसराना मोटरमार्ग की सहमति के लिए वन विभाग को पत्र भेजा गया है। वहीं, चामासारी-लुहारीगढ़, बुरासखंडा गढ़ और छोटी छमरोली-डामकोट सड़क निर्माण के प्रस्ताव वन क्षतिपूर्ति के लिए भूमि आवंटन करने के लिए जिलाधिकारी को भेजा गया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने क्यारा-धनोल्टी मोटरमार्ग के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि बिलासपुर-काडली एवं चंद्रोटी जिला पंचायत क्षेत्र में सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। गढ़ी कैंट में सड़कों का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन पहले सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अनारवाला-मालसी मोटरमार्ग का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि अनारवाला मालसी मोटरमार्ग पर पेड़ों को बचाते हुए सड़क के दोनों तरफ टाइल्स लगाया जाएगा। बताया कि कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे जर्जर हैं। जल्द उन्हें बदला जाएगा।