अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ ने बजट को बताया ऐतिहासिक
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ ने केंद्रीय बजट को शिक्षा में नवाचार और रोजगार से जोड़ने वाला बताया। महासंघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय कुमार सैनी ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र के लिए 1.39 लाख करोड़ का ऐतिहासिक आवंटन किया गया है।
महासंघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि बजट शिक्षा को केवल डिग्री-केंद्रित ढांचे से आगे बढ़ाकर अनुसंधान, कौशल, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और नवाचार से जोड़ने की स्पष्ट दिशा प्रस्तुत करता है। बजट में विद्यालयी शिक्षा के लिए 83,561.41 करोड़ का आवंटन किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.35 प्रतिशत की वृद्धि है जबकि उच्च शिक्षा के लिए 55,724.54 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जो 11.28 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है। पिछले पांच साल में शिक्षा पर केंद्र सरकार का प्रावधान वित्तीय वर्ष 2021 के 84,219 करोड़ से बढ़कर इस वर्ष 1.39 लाख करोड़ तक पहुंचना शिक्षा क्षेत्र में नीति-निरंतरता और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसे महासंघ राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के लक्ष्यों की पुष्टि के रूप में देखता है। बजट में 10,000 नई मेडिकल सीटें इसी साल से शुरु करने एवं अगले पांच साल में 75,000 सीटें जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।