शुक्रवार देर रात चाकीसैण के नजदीक मलबे के साथ बही पांच वर्षीय प्रियंका का शव घटनास्थल से 10 किलोमीटर दूर चिपलघाट के नजदीक मिला है। घटना के बाद रात से ही प्रशासन की देखरख में राजस्व पुलिस, आपदा प्रबंधन की टीम रेस्क्यू में लगी हुई थी। मलबे के साथ बालिका का शव नदी तक पहुंच गया, और यहां से बहते हुए चिपलघाट तक पहुंच गया।
एसडीएम किशन सिंह ने बताया कि पट्टी कंडारस्यूं तहसील चाकीसैण के गांव बांजकोट की रहने वाली प्रियंका घर पर ही कहीं गिर गई थी, जिसके चलते उसके ताऊ राजेंदर सिंह व मां नंदी देवी उसे इलाज के लिए पैठाणी ले गए।
वापिसी के समय तेज बारिश के कारण गांव कोठला के नजदीक गुदखेत के गदेरे में पानी व मलवा आने लगा। ऐसे में जीप मलबे में फंस गई। उस समय जीप में पांच लोग सवार थे।
जीप में सवार राजेंद्र सिंह, व नंदी देवी प्रियंका को लेकर तीनों पैदल ही गदेरा पार करते हुए मलबे के साथ बह गए। राजेंद्र सिंह व नंदी देवी को तो स्थानीय लोगों ने बचा लिया, लेकिन प्रियंका मलबे व पानी के साथ नीचे चली गई।