- देहरादून में एक होटल में नौकरी करता था युवक
- पुरानी बाइक खरीदने के लिए छुट्टी लेकर गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासगनर। कोतवाली क्षेत्र के बरोटीवाला में संदिग्ध परिस्थतियों में एक युवक का शव रस्सी से बने फंदे से पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। मृतक लाखामंडल क्षेत्र का रहने वाला था और देहरादून में एक होटल में नौकरी करता था। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजनों ने से युवक की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि मृतक की पहचान चकराता के लाखामंडल क्षेत्र के लवडी निवासी देवेश पंवार पुत्र (23) नेपाल सिंह के रूप में हुई है। मृतक देहरादून में एक होटल में कार्य करता था। बताया कि वह बृहस्पतिवार को ही होटल से किसी काम के लिए निकला था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों की आशंका को देखते हुए मामले को संदिग्ध मान हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है। बताया कि मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, मृतक के चाचा बलवंत सिंह ने बताया कि उनका भतीजा देवेश पंवार होटल में नौकरी करता था और वहीं रहता भी था। बृहस्पतिवार को वह होटल से पुरानी बाइक खरीदने की बात कहकर दो तीन घंटे की छुट्टी लेकर निकला था। उसने गांव से अपने बैंक खाते में 50 हजार रुपये भी मंगवाए थे। बृहस्पतिवार को ही खाते से 50 हजार रुपये निकाले गए थे। बताया कि रुपयों के लालच में किसी ने उनके भतीजे की हत्या की है। वहीं, उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि घटना पूरी तरह से संदिग्ध है। उन्होंने पुलिस से घटना की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।