श्री सनातन धर्म सभा विकासनगर के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को नगर में श्री ठाकुरजी की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। इससे नगर का माहौल कृष्णमय हो गया।
सिनेमा गली स्थित मंदिर में शिखर पर मंगल ध्वजारोहण के बाद दोपहर 3 बजे श्री ठाकुरजी को पालकी में विराजमान किया गया। पालकी को भव्य रूप में सजाया गया। शोभायात्रा सिनेमा गली, 28 फीट रोड, एक्सचेंज रोड, सैय्यद रोड, डाकपत्थर चौक, शहीद विनोद पुर चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, आर्य समाज, गीता भवन होते हुए मंडी चौक तक गई। शोभायात्रा में ‘हरे रामा हरे कृष्णा, कृष्णा-कृष्णा हरे-हरे’ धुन पर भक्त जमकर झूमे। दिल्ली से आए बैंड ने अपनी मधुर व कर्णप्रिय धुनों से नगर को कृष्णमय कर दिया।
शोभायात्रा में श्री राम दरबार, श्री शिव परिवार, पवनसुत हनुमान जी, ज्ञानदेवी मां सरस्वती, श्री राधा कृष्ण, बाल कृष्ण की अनेकों लीलाओं पर आधारित विभिन्न धार्मिक एवं प्रेरक झांकियों की सुंदरता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पालकी यात्रा का विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात सहित विभिन्न समितियों व नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत किया। यात्रा में प. रामचंद्र पैन्यूली, सुरेंद्र मित्तल, रविंद्र अग्रवाल, प्रदीप महावर, प्रमोद अग्रवाल, पंकज गुप्ता आदि मौजूद रहे।
भाव विभोर हुए श्रद्धालु
गुरुवार रात्रि मंदिर में श्री नारायण स्वर साधना ट्रस्ट श्री बद्रीनाथ के कलाकारों ने भक्ति संगीत, श्री कृष्ण रास लीला व फूलों की होली जैसी अत्यंत भव्य और आकर्षक प्रस्तुतियों से हजारों श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया।