सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के नौगांव मांडूवाला में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता व देश के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा क्षेत्र के निवासियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। यात्रा में शामिल युवा व ग्रामीण भारत माता की जय व वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए चल रहे थे। भुवन विक्रम डबराल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान की आतंकवादी समर्थक सरकार को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने यह साबित कर दिया है कि अब देश किसी से दबने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं न सिर्फ राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूती देती हैं, बल्कि युवाओं के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को भी जागृत करती हैं। यात्रा में भाजपा के जिला महामंत्री अमित डबराल, लक्ष्मी अग्रवाल, रजनीश शर्मा, संजय मैठाणी, विकास रमोला, मनीष नेगी, दरबान सिंह नेगी, सिकंदर, अरविंद रावत आदि शामिल रहे।