स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी घुसपैठ की आशंका के मद्देनजर नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा प्रबंध कड़े किए गए हैं। आवाजाही के बनबसा बॉर्डर के वैधानिकी मार्ग के अलावा जंगल और चोर रास्तों पर भी सुरक्षा एजेंसियां नजर रखे हैं। आवाजाही करने वालों की गहनता से तलाशी ली जा रही है।
डीआईजी पुष्कर सिंह सैलाल एवं एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर एसएसबी, पुलिस और खुफिया तंत्र खासा अलर्ट है। पुलिस के साथ ही एसएसबी, सीआईएसएफ और खुफिया तंत्रों को खासा सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय संपत्तियों के अलावा धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस और सुरक्षा तंत्रों की पैनी नजर है।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि टनकपुर एवं बनबसा में संदिग्ध एवं अनजान व्यक्तियों पर नजर रखने और सीमा के मार्गों पर सघन गश्त करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिले की ऊधमसिंह नगर से सटी सीमा पर भी खास चौकसी बरती जा रही है। शुक्रवार को टनकपुर बॉर्डर में एसएसबी के साथ खुफिया विभाग के कर्मचारियों ने भी आवाजाही करते लोगों की सघन चेकिंग की।